मानिकपुर। थाना अंतर्गत हल्दीदांड़ी गांव के पास मंगलवार देर रात को एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर किया गया है। थाना प्रभारी केके मिश्र ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
भरतकूप थानाक्षेत्र के गोडा गांव निवासी जीतू यादव(19) पुत्र रामप्रताप यादव रिश्ते के भाई दद्दू(17) पुत्र ओमकार निवासी करारी गांव के साथ मंगलवार सुबह बाइक से मानिकपुर के हल्दीदांड़ी गांव में एक रिश्तेदार के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में गया था।
वहां से रात करीब नौ बजे दोनों सामान लाने के लिए बाइक से मानिकपुर कस्बे के लिए निकले थे। वे दो किमी मीटर आगे ही आए थे, कि तभी हल्दीदांड़ी गांव के पास अचानक सामने से एक कुत्ता आ गया। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक पुलिया से टकरा गई।
हादसे में बाइक पर सवार दोनों भाई घायल हो गए। जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजन दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पातल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जीतू की मौत हो गई। परिजनों ने घायल दद्दू यादव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया।
जीतू के पिता ने बताया कि पुत्र रिश्ते मेें फूफा की पुत्री की शादी में यहां आया था। वह ट्रक क्लीनर का कार्य करता था और चार भाईयों में सबसे छोटा था। पिता खेती करते है। घटना से मां शकरिया का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।