चित्रकूट। अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक को डॉक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के कटिया बछांैद निवासी कोमल (35) व मूलचंद्र (32) बाइक से गुरुवार की सुबह धर्मनगरी दर्शन करने आ रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भरतकूप कस्बे के पास सड़क किनारे खड़े भारतपुर निवासी दीनानाथ (60) को पीछे से टक्कर मार दी। इसे हादसे में सभी लोग घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया। वहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार कोमल ने हेलमेट नहीं पहना था।
कर्वी कोतवाली अंतर्गत पटेल नगर निवासी अजय (17) व सुरेश कुमार (20) बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सोनेपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे नई बाजार निवासी मुकुल (30) से टक्कर हो गई। इससे सभी लोग गिरकर घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। चिकित्सक ने मुकुल को प्रयागराज रेफर कर दिया। इसके अलावा सीतापुर चौकी क्षेत्र के डिलौरा निवासी कमलेश निषाद (30) सड़क हादसे में घायल हो गया।