सरैंया (चित्रकूट)। सदर कोतवाली के खरौंध गांव के पास तेज रफ्तार बुलेट बकरी से टकरा गई। इससे बुलेट सवार दो युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।।ग्रामीणों ने युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी में दोनों से दस किलो गांजा बरामद हुआ है।
कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि खरौंध गांव में गश्त के दौरान पुलिस टीम को ग्रामीणों ने जानकारी दी कि बुलेट सवार दो युवक भाग रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने आकर उन्हें बुलेट समेत पकड़ लिया। बुलेट पर पंकज पटेल व पवन जायसवाल नामक युवक थे। इनके पास मिले बैग से दस किलो गांजा व कुछ नकदी मिली। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को बुलेट व गांजा के साथ पुलिस हिरासत में भेजा गया है। बताया कि बुलेट में ई मीडिया लिखा है। एक आरोपी के पास एक पोर्टल का कार्ड मिला है। जो खुद को पत्रकार बताया है। इसकी जांच कराई जा रही है।