चित्रकूट। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय और पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बुधवार को शहर के हॉटस्पॉट पुराने बाजार कर्वी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर के एलवन अस्पताल, क्वारंटीन सेंटर आईटीआई भांगा का निरीक्षण किया।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार को हॉटस्पॉट के संक्रमितों के आसपास रहने वालों के सैंपल लेने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी कर्वी से साफ-सफाई और दवाओं के छिड़काव के लिए कहा। डीएम ने कहा कि हॉटस्पॉट में जरूरी चीजों की घर-घर डिलीवरी की जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर के एलवन में भर्ती मरीजों से खानपान, चाय, नाश्ता व स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों को समय से भोजन और दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। क्वारंटीन सेंटर आईटीआई भांगा में मरीजों से स्वास्थ्य, खानपान की जानकारी की।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्यामसुंदर इकनौरिया को निर्देश दिए कि यहां कीसभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यहां के मरीजों को 200 शैया अस्पताल में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी मरीज को असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार, अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।