जीआरपी थाने के पास बम को निष्क्रिय करती बीडीएस टीम
- फोटो : Amar ujala
धर्मनगरी के रेलवे स्टेशन से पकड़े गए युवक के पास मिले दो बम जांच में देशी निकले। जिन्हें बम डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीएस) इलाहाबाद की टीम ने निष्क्रिय कर दिया है। जिसके बाद पुलिस व रेल अफसरों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि धर्मनगरी के रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी जवानों ने चेकिंग के दौरान महेश यादव निवासी गोल तालाब को पकड़ा था। जिसके पास से दो बम मिले थे। जिससे हड़कंप मच गया था। पूछताछ में युवक ने बताया था कि उसके साथ दो युवक और भी थे, जो भाग गए। पुलिस इसके पीछे गहरी साजिश भी मान रही थी। मंगलवार को जीआरपी प्रभारी एसपी शरद प्रताप सिंह के निर्र्देश पर बम की जांच कराने के लिए बीडीएस टीम इलाहाबाद से बुलाई गई।
इस दौरान दोनों बम को जीआरपी ने बालू व पानी में डाल कर रखा था। बीडीएस इलाहाबाद की टीम ने लगभग आधे घंटे की जांच पड़ताल के दौरान दोनों बम खोले और उसमें मिली सामग्री की लिखापढ़ी कर जांच की। बीडीएस टीम के प्रभारी भगत सिंह, कांस्टेबल जयप्रकाश सरोज, संजय सिंह, आलोक रंजन यादव, डान सिंह ने बताया कि बम पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया गया है। यह देशी बम था, जिसे संभवत: आसपास ही कहीं बनवाया गया है। यह बम फिलहाल ज्यादा शक्तिशाली नहीं था। जांच के बाद बम में मिली सामग्री के नमूने टीम ने अपने पास रख लिए हैं। इस मौके पर जीआरपी थानाध्यक्ष हरिविलास और मानिकपुर थानाध्यक्ष जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।