भदई अमावस्या को डीएम नीलम अहलावत ने शुक्रवार को
राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने जोनल और
सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि वे पूरी सतर्कता बरतें। भीड़ बढ़ने पर बेड़ी
पुलिया में ही वाहन रोक दें। डीएम और एसपी ने अफसरों को जरूरी दिशा
निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि भदई अमावस्या का मेला 14 सितंबर तक
चलेगा। 13 को प्रमुख पर्व है, इसी दिन लेखपाल भर्ती परीक्षा भी है। इसमें
लगभग सात हजार अभ्यर्थियों के आने की उम्मीद है। मेले में भी लाखों
श्रद्धालु आएंगे, ऐसे में अफसरों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
अधिकारी
पूरी जिम्मेदारी से ड्यूटी करें। कोई भी वाहन सड़क पर खड़ा मिले तो तुरंत
चालान किया जाए। रामघाट में भीड़ बढ़ने पर बेड़ी पुलिया में ही दोपहिया,
तिपहिया वाहन रोक दिए जाएं। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर पशु मालिकों को
नोटिस देने और रास्ते की दुकानों को हटवाने के निर्देश दिए। जलेबी वाली गली
में विशेष सतर्कता रखने की हिदायत दी।
अधिकारियों और कर्मचारियों
से कहा कि वे अपने साथ रस्सी और टार्च रखें। साथ ही सीताकुंड में
बेरीकेडिंग कराई जाए। अधिकारी यह भी ध्यान रखें कि कोई पानी सड़क पर न
बहाए। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।