थाना क्षेत्र के खोपा गांव में टूटी पड़ी हाईटेंशन तार की चपेट में आने से क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें फौरन निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर इलाहाबाद रिफर किया गया। रास्ते में बीडीसी सदस्य की मौत हो गई। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि तार टूटने की सूचना विभागीय
अधिकारियों को पहले दी गई थी लेकिन कोई कर्मचारी मरम्मत करने नहीं आया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के खोंपा के क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन (24) पुत्र राजनारायण सोमवार शाम तालाब के पास से गुुजर रहा था। वहां दो दिन ले से हाईटेंशन तार टूटी पड़ी थी।
अंधेरा होने के कारण उसका पैर तार पर पड़ गया और करंट लगने से वह दूर जा गिरा। वहां से गुजर रहे कल्लू ने टार्च की रोशनी में उसे देखा तो अन्य ग्रामीणों की मदद से उसे राजापुर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाहाबाद रिफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन से हाईटेंशन तार टूटा पड़ा था। इसकी जानकारी क्षेेत्रीय जेई व लाइनमैन को दी गई लेकिन कोई तार बनाने या रास्ते से हटाने नहीं आया। जिससे की बीडीसी सदस्य असमय मौत हो गई।
मृतक के परिवार पर एक सप्ताह बाद दोबारा आफत आई है। एक सप्ताह पहले बीडीसी की पुत्री की बीमारी से मौत हो चुकी है। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना की जानकारी होते ही भाजपा नेता शिवशंकर सिंह, बसपा नेता आरके सिंह पटेल, सपा नेता शिवशंकर सिंह यादव, प्रधान राम मनोहर और धनराज निषाद ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। सभी ने मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। मौके पर पहुंचे एसडीएम जयचंद्र पांडेय, नायब तहसीलदार बेनीप्रसाद और थानाध्यक्ष शैल सिंह ने मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
एसडीओ वीके गंगवार और जेई परमेश्वर ने बताया कि मृतक के परिवार में चक्की चलती है। बीडीसी की मौत हाईटेंशन तार के करंट से नहीं हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर टूटी हाईटेंशन तार का करंट प्रवाह बंद करा दिया गया था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मृतक बीडीसी सोमवार की शाम अंधेरा होने के बाद चक्की की विद्युत लाइन बनाने के लिए खुद एलटी लाइन के खंभे पर चढ़ा था। ऐसी जानकारी मिली है।
खोंपा में करंट से मौत की घटना की जानकारी मिली है। यह तय है कि उसकी मौत हाईटेंशन तार के करंट से नहीं हुई है बल्कि एलटी लाइन में काम करते समय करंट लगने से हुई है। ग्रामीण विभाग पर गलत आरोप लगा रहे हैं। राजापुर के विभागीय अधिकारियों व मृतक के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कराएंगे। नियमानुसार ही मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाएगा। - राजमणि विश्वकर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग