चित्रकूट। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आहट के बीच ओबीसी आरक्षण को लेकर हलचल तेज हो गई है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग ने जिले में ओबीसी की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति, पंचायतों में उनके प्रतिनिधित्व और आरक्षण के प्रावधानों पर मंथन किया।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष जस्टिस राम औतार सिंह ने की। प्रभारी जिलाधिकारी डीपी पाल ने जिले की पंचायतों में ओबीसी आबादी, वर्तमान आरक्षण और चुनावी समीकरणों का पूरा खाका आयोग के सामने रखा। आयोग ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक आधार पर तथ्यपरक मूल्यांकन किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी, अरविंद मिश्रा, सुशीला देवी समेत जनप्रतिनिधियों से आयोग ने संवाद किया। आयोग सदस्यों ने सुझावों को लिखित में लिया। इस अवसर पर आयोग सदस्य बृजेश कुमार, एसपी सिंह, अरविंद चौरसिया, संतोष विश्वकर्मा, डीपीआरओ देवेंद्र सिंह समेत अधिकारी और प्रधान मौजूद रहे।