चित्रकूट। सूरत से कमाकर लौटे युवक का मानिकपुर जंक्शन में उतरते ही अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुलाब (22) पुत्र जगपत प्रसाद निवासी पल्हरी नरैनी जिला बांदा लगभग दो वर्ष बाद सूरत से कमाकर गांव लौट रहा था। जानकारी के अनुसार सोमवार को जैसे ही वह ट्रेन से मानिकपुर जंक्शन में उतरा। अचानक उसका स्वास्थ्य खराब हो गया। इस पर वह प्लेटफार्म नंबर एक पर कुर्सी में बैठ गया।
जीआरपी के जवानों ने उसकी हालत खराब देख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मानिकपुर थानाध्यक्ष एसपी सिंह ने बताया कि मरने के पहले युवक ने अपना नाम पता व घर का मोबाइल नंबर बताया था। इससे उसके परिजनों को सूचना दी गई।
मंगलवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कराया। पुलिस के अनुसार मृतक के पास कोई सामान या नगदी नहीं मिली है। मृतक तीन बहनों में अकेला भाई था। एक वर्ष पूर्व उसके पिता की बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।