चित्रकूट। भारतीय किसान यूनियन ने संसद सत्र शुरू होने से पहले किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सांसद को दिया। चेतावनी दी कि उनकी समस्याओं का समाधान न हुआ तो सड़क से संसद तक आंदोलन करेंगे।
भाकियू जिलाध्यक्ष रामसिंह के नेतृत्व में जिले के किसान संगठन के पदाधिकारियों ने सांसद कृष्णा पटेल को पांच सूत्री ज्ञापन दिया। लालापुर के कृष्णधाम गार्डन में ज्ञापन लेने सांसद पहुंची। इसमें फसलों में एमएसपी गारंटी कानून की व्यवस्था, व्यापक ऋणमाफी, बिजली निजीकरण एवं स्मार्ट मीटरों सहित किसानों को फ्री बिजली की गारंटी कानून, उप्र सरकार द्वारा किसानों को फ्री बिजली, घरेलू किसानों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त घोषणा पत्र को लागू करने, अन्ना मवेशियों से किसानों की फसल बचाओ, महंगाई सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
जिला महामंत्री अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में एक भी गोशाला संचलित नही है। यदि 24 जुलाई तक आवारा पशुओं को संरक्षित नही किया गया तो 25 जुलाई को डीएम का घेराव किया जाएगा। साथ ही चकबंदी सीओ द्वारा किसानों को गुमराह कर अनैतिक तरीके से चक आवंटन का जल्द विरोध होगा। सांसद ने किसानों से कहा कि डीएम से मिलकर समस्याओं पर वार्ता करेंगी। इस मौके पर मंडल सचिव उदय नारायण सिंह, रामकरण सिंह, नीलकंठ द्विवेदी, शिवदयाल सिंह, शैलेन्द्र सिंह, नरेश त्रिपाठी, योगेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।