आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मुख्यालय में प्रदर्शन कर मानदेय बढ़ाने के साथ ही नियमित कर्मचारी बनाए जाने की मांग की। केंद्रीय मंत्री को संबोधित ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि को सौंपा। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष ऊषा द्विवेदी के नेतृत्व में जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सोमवार को मुख्यालय के पटेल तिराहे पर प्रदर्शन किया।
नारेबाजी करते हुए सभी भाजपा सांसद भैरों प्रसाद मिश्र के आवास पहुंची। जहां संघ की अध्यक्ष ने कहा कि कुपोषण दूर करने से लेकर नन्हें बच्चों की शिक्षा के लिए प्रत्येक स्थान पर कार्यकत्रियां बेहतर काम कर रही हैं। दिन रात मेहनत करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अधिक मानदेय मिलना चाहिए।
इसके अलावा अब उनकी सेवाओं को नियमित कर्मचारी के रूप में दर्ज किया जाए। महामंत्री अमृता चतुर्वेदी ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी प्राइवेट सेक्टर को न दिया जाए। सभी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को बीमा योजना का लाभ मिले।
प्रदर्शन के बाद कार्यकत्रियों ने केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन सांसद की गैर मौजूदगी में उनके प्रतिनिधि को सौंपा। इस मौके पर सविता, कविता, यशोदा, आशा, उमा, मंजू, रामलली, संजना व गुड़िया आदि मौजूद रहीं।