बैठक में बोलतीं डीएम मोनिका रानी
- फोटो : अमर उजाला
चार जुलाई को सोमवती अमावस्या पर लाखाें श्रद्धालु तीर्थक्षेत्र आएंगे। इसकी व्यवस्था के लिए गुरुवार को यूपी और एमपी के अधिकारियों ने बैठक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि दंडवती और पुल मार्ग परिक्रमा के दोनों ओर बैरीकेडिंग की जाएगी। भीड़ का दबाव बढ़ने पर कई विकल्प मार्ग भी तय किए गए।
कलेक्ट्रेट सभागार में चित्रकूट व सतना जिले के अधिकारियों की बैठक हुई। चित्रकूट की डीएम मोनिका रानी ने कहा कि मेला तीन जुलाई से पांच जुलाई तक चलेगा। मेला क्षेत्र में पुलिस व मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी आपस में मोबाइल से संपर्क में रहेंगे। रामघाट के पास नया पुल बनाया गया है। उस पर रेलिंग नहीं है। इसलिए अस्थायी तौर पर रस्सी बांधी जाए। उन्होंने कहा कि मेला के लिए जो भी ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उसकी जानकारी मध्य प्रदेश के अधिकारियों को दें। रामघाट व परिक्रमा मार्ग पर सीसी कैमरा लगाए जाएंगे। डीएम सतना नरेश पाल ने बताया वाहन पार्किंग पाटन पुरवा में बनाई गई है।
वहीं पर वाहन खड़े होंगे। आवारा पशुओं को कांजी हाउस भेजा जाएगा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बिजली पोलों के तार को कसने को कहा। सीसीटीवी कैमरा प्रथम मुखारबिंद पर लगाया गया है। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां प्रमुख बिंदुओं पर मौजूद रहेंगी। यदि कोई वाहन मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश आता है तो उसे हनुमान धारा व पथरा पालदेव घुरेटनपुर होते हुए भरतकूप से निकाला जाए। बैठक में एसपी चित्रकूट केके चौधरी, सतना एसपी मिथलेश कुमार, अपर जिलाधिकारी हवलदार यादव, उप जिलाधिकारी कर्वी रजनीश मिश्रा, मझगवां एसडीएम एपी द्विवेदी, आदि अधिकारी मौजूद रहे।