जिले में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा। बहिलपुरवा के कैलहा गांव में डेंगू से पीड़ित एक बालक की और राजापुर में बुखार पीड़ित वृद्ध की मौत हो गई। एक अन्य बालक में डेंगू के लक्षण मिलने पर इलाहाबाद रेफर किया गया। राघवपुरी के चमरौड़ी में डाक्टरों की टीम मंगलवार सुबह भी पहुंची।
मंगलवार को बहिलपुरवा के कैलहा निवासी रशीद ने बताया कि उसके पुत्र तालिब (14) को चार दिनों से तेज बुखार था। सोमवार रात को उसका प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराकर ब्लड टेस्ट कराया। डेंगू की संभावना पर डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह इलाहाबाद ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता ने कहा कि पुत्र को डेंगू बुखार ही था। गांव में दो दिन पूर्व शायरा नामक बालिका की भी मौत हो चुकी है। उसमें भी डेंगू के लक्षण मिले थे। गांव के दो अन्य युवक भी प्राइवेट अस्पताल में बुखार का इलाज करा रहे हैं।
इसी प्रकार मुख्यालय के मछली मंडी निवासी रामनारायण ने बताया कि उसके चाचा मूलचंद्र (70) पुत्र बाबू एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। परिजनों की सलाह पर सोमवार को उन्हें इलाज के लिए राजापुर भेजा गया था। मंगलवार की दोपहर को वहीं इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।