गणतंत्र दिवस के मौके पर आतंकी हमले की आशंका को लेकर खुफिया एजेंसियों ने सभी राज्यों को सतर्क किया है। इसी बीच इटारसी रेलवे स्टेशन से आतंकवादी के भागने के बाद आरपीएफ, जीआरपी के साथ सिविल पुलिस एलट हो गई है। गुरुवार को मध्यप्रदेश की ओर से आने वाली सभी ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। मानिकपुर जंक्शन व चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सभी ट्रेनों में तलाशी ली।
पांच पुलिसकर्मी राप्ती सागर एक्सप्रेस से आतंकी सैयद अहमद को बंगलुरु से लखनऊ पेशी पर ले जा रहे थे। तभी इटारसी रेलवे स्टेशन पर मौका पाकर आतंकी हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। इसकी जानकारी होते ही सभी रेलवे स्टेशनों पर हाई एलर्ट कर दिया गया। खासकर मध्यप्रदेश क्षेत्र से आने वाली सभी ट्रेनों में हर स्टेशन पर चेकिंग शुरू कर दी गई। आरपीएफ टीम के एसआई जयशंकर पांडेय, देवनाथ तिवारी, केपी तिवारी व मुन्ना पासवान के आलावा जीआरपी प्रभारी हेमंत कुमार व जेपी सिंह ने स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में तलाशी की। इसके साथ ही स्टेशन आने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। ट्रेन के हर एक बोगी में पूछताछ वह सामान की तलाशी ली गई।