= 1166 बोरियां बरामद, अंधेरे में चल रहा था खाद का काला खेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ (चित्रकूट)। रबी की बोआई का सीजन शुरू होते ही किसानों की मजबूरी का फायदा उठाने वाले माफिया सक्रिय हो गए थे। बरगढ़ के एक गोदाम में रात के अंधेरे में खाद में मिलावट का खेल चल रहा था, लेकिन प्रशासन ने छापा मारकर खुलासा कर दिया।
जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा के नेतृत्व में टीम ने बुधवार रात करीब एक बजे मनोज खाद बीज भंडार की दुकान व गोदाम में छापा मारा। जहां पुष्कर कंपनी की सिंगल सुपर फास्फेट (ग्रेन्युलर) खाद जमीन पर खुली पड़ी थी। पांच से आठ बोरियों से खाद निकालकर दूसरी बोरियों में मिलाई जा रही थी। पास में ही एनपीके की नई खाली बोरियां और पुष्कर कंपनी की 12 खाली बोरियां रखी थीं। सस्ती व घटिया सामग्री को ब्रांडेड बोरियों में भरकर किसानों को असली खाद के नाम पर बेचने की तैयारी थी।
छापेमारी में टीम को कुल 1166 बोरियां खाद मिलीं। इसमें 48.285 मीट्रिक टन यानी 1072 बोरी यूरिया, डीएपी भारत की 30 बोरी, पुष्कर कंपनी की सुपर फास्फेट की 40 बोरी, एनपीके की 16 बोरी और ग्रोप्लस की आठ भरी बोरियां मिली हैं। कुल 25 खाली बोरियां भी बरामद हुईं, जो मिलावट के खेल की गवाही दे रही थीं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार रामकृष्ण से सूचना मिली कि नकली खाद बनाई जा रही है। इस पर नायब तहसीलदार अखिल पांडेय व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ पहुंचे। सुरक्षा के लिए बरगढ़ थाने के उपनिरीक्षक चंद्रमौल शर्मा भी साथ में मौजूद रहे। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध खाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावट की असलियत सामने आएगी। फिलहाल गोदाम सीज कर संचालक महेंद्र कुमार के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
नकली खाद से कम होती है फसल की पैदावार
किसान रामदुलारे का कहना है कि नकली खाद की वजह से फसल की पैदावार कम होती है। उन्होंने कहा कि वे महंगे दाम पर खाद खरीदते हैं। यदि यह खाद खेतों में पहुंच जाती तो न जाने कितने किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता।
-
चार महीने पहले भी पकड़ी गई थी मिलावटी खाद
24 जुलाई को मऊ क्षेत्र के सुरौंधा गांव में एसडीएम राम ऋषि रमन ने छापा मारकर नकली खाद बनाने की फैक्ट्री को पकड़ा था। छापेमारी में भारी मात्रा में खाद व खाली बोरियां मिली थीं। संचालक नकली खाद को असली डीएपी की बोरियों में भर रहा था। कार्रवाई के कुछ दिन बाद फिर से गोदाम खुल गया है।