मानिकपुर (चित्रकूट)। डीएम कोर्ट से आदेश के बाद भी ग्रामीण का नक्शा सम्मिलित न करना लेखपाल को भारी पड़ गया। एसडीएम ने भौंरी गांव के लेखपाल को निलंबित कर दिया है। रुपये लेने और मामले को लंबित रखने की जांच के लिए टीम बनाई गई है।
तहसील क्षेत्र के रामपुर तरौंहा निवासी मो. अली ने बताया कि लेखपाल अजय दिनकर उसकी भौंरी की भूमि का नक्शा संशोधित कर सम्मिलित नहीं कर रहे थे। आरोप लगाया कि इसके लिए दस हजार रुपये ले चुके हैं। डीएम कोर्ट से संशोधन की स्वीकृति भी हो चुकी थी, लेकिन लेखपाल और रुपये की मांग कर रहे थे। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर पीड़ित डीएम के सामने प्रस्तुत हुआ था।
मानिकपुर एसडीएम रामजन्म यादव ने बताया कि इस मामले में प्रथम दृष्टया जांच के बाद लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच कराने के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है।