राजापुर (चित्रकूट)। प्रशासन ने प्राथमिक विद्यालय उद्घाटा का तीन दशक से बंद पड़ा रास्ता खुलवा दिया है। दबंगों ने विद्यालय के मुख्य रास्ते पर अवैध कब्जा कर रखा था।
इसके कारण बच्चे खेतों और कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर थे। ग्रामीण 30 साल से समाधान के लिए चक्कर काट रहे थे पर उनकी शिकायतें फाइलों में ही उलझी रहीं। बच्चों की परेशानी देख अभिभावकों में रोष था।
एसडीएम राजापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कागजों की जांच कर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल की टीम ने जेसीबी से कुछ ही घंटों में रास्ता अतिक्रमण मुक्त कर दिया।
रास्ता खाली होते ही बच्चों के चेहरे खिल उठे। एसडीएम ने कहा कि शिक्षा के रास्ते में बाधा बनने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। (संवाद)