चित्रकूट। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण व कंबल वितरण में धांधली का आरोप लगा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीआईओएस और कोटेदार का पुतला फूंकने से रोकने पर अभाविप व पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से पुतला छीन लिया। पुलिस ने दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
अभाविप के जिला संगठन मंत्री प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा केंद्र में बडे़ पैमाने पर धांधली हुई है। एक कोटेदार के जरिये विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने में गड़बडी़ की है। केंद्र बनवाने के लिए कोटेदार द्वारा कंबल वितरण के नाम पर प्रति विद्यालय पांच हजार रुपये की वसूली की गयी है। न देने पर कई विद्यालय परीक्षा केंद्र बनने से वंचित रह गए। पूरे मामले की जांच की मांग की।
इस दौरान मुख्यालय के ट्रैफिक चौराहे से लेकर डीआईओएस कार्यालय तक नारेबाजी कर प्रदर्शनकारियों ने पुतला फूंकने की कोशिश की लेकिन कोतवाली पुलिस टीम ने आकर पुतला छीन लिया। इस मौके पर शशि, दिलीप, प्रेम, राजू, प्रतीक, सत्यम, विकास, हिमांशु तिवारी, अभिषेक द्विवेदी, मनीष पांडेय आदि मौजूद रहे।
डीआईओएस बलिराज राम ने कहा कि उन पर लगे आरोप मनगढंत हैं। परीक्षा केंद्र निर्धारण का कार्य यूपी बोर्ड द्वारा किया जाता है। अभी जो परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गए हैं इसके बाद दावे और आपत्तियाँ मांगी गई थी। जिन पर विचार के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। जो केंद्र नहीं बन पाए हैं वह अपनी आपत्ति दाखिल करे तो उस पर विचार होगा।
परीक्षा केंद्रों पर मानकों को पूरा कराएं
चित्रकूट। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों को पूरा किया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।
विद्यालयों में केंद्र निर्धारण का कार्य पूर्ण कराए जाने के संबंध में जनपदीय समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक बलिराज राम को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में केंद्र निर्धारण किया जाना है उसमें पेयजल, विद्युत, सीसीटीवी कैमरे, पहुंच मार्ग, बैठने व कमरों की व्यवस्था, फर्नीचर आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराकर विवरण सहित उपलब्ध कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी, अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, अपर उप जिलाधिकारी राजबहादुर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा, परियोजना प्रबंधक जल निगम राजेंद्र सिंह, यूनिसेफ के सुदीप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।