चित्रकूट। मानिकपुर-मारकुंडी मार्ग पर गोदहा नाले पर सड़क धंसने के मामले की जांच करने दो इंजीनियरों की टीम पहुंची। जांच के बाद बताया कि एक हिस्सा धंस गया है। नाले में पानी काफी तेजी से बह रहा है। बारिश भी हो रही है। बारिश थमते ही इसकी मरम्मत कराई जाएगी।
मानिकपुर से मारकुंडी के रास्ते सतना मप्र की ओर जाने वाले मार्ग के जारो माफी के गोदहा नाले पर सड़क धंस गई है। लोगों का आरोप है 2021 में सड़क की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये निकाले गए थे। विभाग के कृपा पात्र ठेकेदार ने मरम्मत नहीं कराई। महज पेंट करा दिया था। इसी कारण बारिश से सड़क धंस गई।
रविवार को अमर उजाला में खबर छपने के बाद दोपहर को दो इंजीनियर की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने माना कि रपटे के ऊपर सड़क किनारे का एक हिस्सा धंस गया है। लोनिवि के सहायक अभियंता नीरज सक्सेना ने बताया कि बारिश लगातार हो रही है। नाले में पानी भी काफी ऊंचाई से बह रहा है। रपटे के ठीक ऊपर का हिस्सा धंसा है। इसकी दीवार आदि बनाने के लिए पानी कम होने का इंतजार करना होगा। जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी। बचाव व सुरक्षा के लिए धंसे वाले हिस्से के तीनों ओर लाल पत्थर रख दिए गए हैं।