फोटो- 12- मऊ के एक दुकान में लगी आग के बाद राख सामग्री दिखाता दुकानदार
- फोटो : CHITRAKUTT
मऊ। थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार पर स्थित एक कपड़े की दुकान में सोमवार की देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार ने लगभग पांच लाख की क्षति बताई है।
कस्बे के बाजार रोड स्थित कपड़े की दुकान के मालिक भइयालाल अग्रहरि प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। मध्य रात्रि दुकान से धुंआ उठता देख पड़ोसियों ने मोबाइल पर सूचना दी। इस पर वह दुकान की ओर दौड़े। शटर खोला तो कपड़ों में भयंकर आग लगी थी। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। दुकानदार ने बताया कि आग से लगभग पांच लाख के कपड़े जलकर राख हो गए। दुकान मालिक ने थाने में तहरीर दी है। आग लगने के कारण की जानकारी नहीं हो पाई है।
इस घटना के बाद राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शानू गुप्ता ने कपड़ा व्यवसायी भइयालाल अग्रहरि की दुकान में लगी आग से हुए नुकसान पर मुआवजा देने की मांग की है। कहा कि दमकल वाहन न पहुंचने से समय पर आग नहीं बुझ सकी। जिससे भारी क्षति हुई है। दमकल की गाड़ी के समय पर न पहुंचने से व्यापारियों में रोष है। एसडीएम ने मौके का मुआयना किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख मुआवजा व दमकल गाड़ी की व्यवस्था कराने की मांग की है।