चित्रकूट। खून की कमी से जूझ रहा जेल में बंद कुख्यात डाकू बलखड़िया गैंग के सदस्य का इलाज नहीं हो पा रहा है। जेलर के तमाम प्रयास के बाद पुलिसकर्मी कभी जिला अस्पताल कभी लखनऊ लेकर जाते हैं। लौटकर आए जिला अस्पताल में फिर उसका सही इलाज न हो पाने से अब प्रयागराज रेफर किया गया है। उसके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने अस्पताल स्टाफ पर मनमानी व लापरवाही करने का आरोप लगाया है।
जिला जेल रगौली में बंद हत्यारोपी डाकू बलखड़िया गैंग के सदस्य रम्मूकोल पुत्र बल्लू निवासी डोडा की तीन दिन से तबियत खराब है। जेलर श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल के डा. आशीष कुमार से इलाज कराया गया तो उन्होंने खून की कमी बताकर ब्लड चढ़वाने की बात कही है। इसी आधार पर कैदी को दो दिन पूर्व जिला अस्पताल भेजा गया वहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ से भी उसे दवा देकर फिर जिला अस्पताल ले जाने को कहा गया है।
शनिवार की रात जब कैदी रम्मू कोल को लेकर पुलिसकर्मी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कैदी का इलाज न कर मौजूद स्टाफ ने अभद्रता की। इसकी जानकारी होने पर कोतवाली से पुलिस कर्मी व डिप्टी जेलर अरविंद भी पहुंचे। किसी तरह कैदी को भर्ती कर लिया गया। रविवार को कैदी प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।