चित्रकूट। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शहर के श्रीगंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कालेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। जिसमें पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र ने छात्र-छात्राओं को अनुशासन के साथ-साथ यातायात व सुरक्षा के नियमों का पाठ पढ़ाया। छात्र- छात्राओं ने भी अधिकारियों से कई सवाल किए।
पुलिस पाठशाला में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विश्व में जितने भी देशों ने प्रगति की है वह सब अनुशासन के कारण संभव हो सका है। जापान, इजरायल, सिंगापुर व चीन में अनुशासन का बहुत महत्व है। उन्होंने कहा कि हमारे देेश में सरकारी नौकरी करना ज्यादा लोग पंसद करते हैं जबकि करोबार करके भी अपना भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने छात्रोें से घरों में अभिभावकों से भी सड़क पर चलने के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें तो सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश होगा। अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत सिंह ने यातायात के नियमों को बताते हुए समझाया कि यातायात के नियमों को अधिकतर लोग जानते हैं। इन नियमों के आधार पर चले तो सड़क दुर्घटनाएं न होंगी। कॉलेज के प्रधानाचार्य जेपी विश्वकर्मा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि अपने घर पर जाकर परिवार व आस-पास रहने वालों से कहे कि हेलमेट लगाकर ही बाइक चलाएं। चार पहिया वाहन में बैठते समय बेल्ट जरूर लगाएं। समाज सेवी रामबाबू गुप्ता ने कहा कि अनुशासन के साथ अच्छी सोच रखें निश्चित रूप से सफ लता मिलेगी। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने भी अनुशान का पाठ पढ़ाया।
छात्रों में दिखी जागरूकता
चित्रकूट। छात्र सत्यदेव, अंकित गुप्ता, राहुलगुप्ता, अंकित कुमार, हरीबाबू, छात्रा नीलम, श्वेता व पूजा ने पुलिस अधीक्षक से यातायात के नियमों के बारे में सवाल किए। इस मौके पर कॉलेज के शिक्षक सुशील सिंह पटेल, अनिल कुमार सिंह, यशवंत सिंह, भागवत प्रसाद शर्मा, ओमदत्त सिंह,इंद्रजीत सिंह, सुधीर कुमार शुक्ला, रामबाबू वर्मा व भइयालाल आदि मौजूद रहे।
हर छात्र पुलिस, छात्राएं करें गुप्त शिकायत
चित्रकूट। इसके पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र व अपर एसपी बलवंत चौधरी ने कॉलेज के प्रधानाचार्य जेपी विश्वकर्मा, समाजसेवी पंकज अग्रवाल व रामबाबू गुप्ता के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान एसपी व अपर एसपी ने कहा कि हर छात्र पुलिसकर्मी बनकर कानून की मदद कर सकता है। सड़क व घर के आसपास कभी भी संदिग्ध मामला होने पर जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं। छात्राआें को मनचलों से निपटने और उनकी गुप्त शिकायत करने के तरीके बताए।