पहाड़ी। कस्बे के पालेश्वर नाथ इंटर कॉलेज में शुक्रवार की सुबह कॉलेज पहुंचे आधा सैकड़ा छात्र-छात्राओं को गेट बंद होने से प्रवेश नहीं मिल सका। दस-बारह किमी दूर से आने वाले छात्रों का कहना था कि महज पांच मिनट देर से आने पर उन्हें अंदर आने से रोक दिया गया है। नाराज छात्रों ने बाहर खड़े होकर हंगामा काटा। छात्रों ने शिक्षकों पर मनमानी करने व अधिक फीस वसूलने का भी आरोप लगाया। हंगामें की जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने कॉलेज के शिक्षकों को बुलाकर समझौता कराया। इसके बाद छात्र पढ़ने के लिए अंदर जा सके।
शुक्रवार को छात्रों ने बताया कि कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र मिश्रा और अन्य शिक्षक निर्धारित समय से पहले ही कॉलेज के गेट में ताला डाल देते हैं। कभी कभार पांच छह मिनट देरी से आने पर उन्हें बाहर से ही लौटा दिया जाता है। विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र छात्राएं क्षेत्र के कलवारा, गोसाईपुर, परसौंजा, बसहर, दरसेड़ा, पचोखर, पिलखिनी आदि गांव से आदि से आते हैं। जिससे 15 से 20 किमी दूर होने के कारण देर हो जाती है। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में मानक के आधार पर फीस नहीं ली जाती। छात्र- छात्राें का आरोप है कि छात्रवृत्ति देने नाम पर प्रति छात्र से 50 रुपये वसूला गया है। ड्रेस के नाम पर गरीब छात्र-छात्राओं को परेशान किया जाता है।
पूरे मामले की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष अरूण पाठक पहाड़ी मय फोर्स पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास करने लगे। इसके बाद शिक्षकों को बुलाकर समझाया और छात्रों को कॉलेज के अंदर भेजा। इस मामले में कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में नियमों का पालन कराने के लिए गेट समय से बंद कर लिया जाता है। जिससे कोई अराजकतत्व विद्यालय में न घुस पाए। इस लिए ड्रेस निर्धारित किया गया है। फीस अधिक लेने के आरोप बेबुनियाद हैं।