02सीकेटीपी-014-पीड़ित छेदीलाल को रुपये देते आरपीएफ प्रभारी राजेंद्र कुमार व अन्य।
चित्रकूट। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में छूटी रुपये से भरी बाल्टी व सामान को आरपीएफ ने बरामद किया और पीड़ित को सौंपा। रुपये मिलते ही पीड़ित की आंखों में आंसू आ गए। पीड़ित दो साल बाद बेटी की शादी के लिए घर लौट रहा था।
मऊ थाना क्षेत्र के खपटिहा निवासी छेदीलाल ने बताया कि वह अपने कौबरा निवासी साथी रामू व पारिवारिक भाई राज मोहन प्रजापति के साथ पंजाब से ट्रेन से प्रयागराज जा रहा था। गलती से बांदा में कुछ सामान के साथ उतर गया, लेकिन ट्रेन में अधिक भीड़ होने की वजह से रुपये से भरी बाल्टी व कुछ सामान ट्रेन में ही छूट गया। उसके साथियों ने आरपीएफ को सूचना दी।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि जानकारी के अनुसार ट्रेन में चेकिंग की गई। डिब्बे में कई बाल्टियां मिली, लेकिन एक बाल्टी के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका तो पीड़ित छेदीलाल से संपर्क कर बाल्टी मिलने की जानकारी दी और रेलवे स्टेशन बुलाया। छेदीलाल से लिखित प्रार्थना पत्र लेकर रुपये के बारे में जानकारी ली। बताया कि उसके पास खेती नहीं है पांच बेटियां हैं।
बेटी की शादी के लिए दो साल से पंजाब में ठेलिया लगाकर कमा रहा था। हर माह की बचत धनराशि की अलग-अलग गड्डी बनाकर रखता था। कुल 29 गड्डियों में 2,75,300 रुपये थे। आरपीएफ ने पूरे रुपये पीड़ित को सौंपे। रुपये मिलते ही उसके चेहरे में मुस्कान व आंखों में आंसू थे। रुपये खोजने में एसआई विनोद कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर, सिपाही रज्जन प्रसाद पांडेय, अरुण कुमार पाल, लल्लू कुमार यादव रहे।