फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानी की रंजिश में बलखड़िया गिरोह ने प्रधानपति के दो भाइयों को गोली से उड़ाया

Mon, 14 May 2012 12:00 PM IST
Chitrakoot
विज्ञापन
विज्ञापन
मानिकपुर (चित्रकूट)। प्रधानी चुनाव की रंजिश में शनिवार की रात टिकरिया जमुनिहाई के मजरे जमुनिहाई में प्रधान पति के दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रधान पति ने पड़ोस के गांव के एक परिवार के पांच लोगों को नामजद किया है। नामजद परिवार की महिला प्रधान का चुनाव हार गई थी। पुलिस ने नामजद लोगों में से एक को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के पीछे बलखड़िया गिरोह का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जाता है गिरोह के सदस्यों ने पहले आरोपियों के घर दावत उड़ाई थी।
विज्ञापन

जमुनिहाई की दलित बस्ती में ग्राम प्रधान रामकंची देवी पति सुदामा (50) और बच्चों के साथ रहती है। इनके घर से सटे सुदामा के तीन भाइयों बुधवानी (60), सूरज (40) और संतोष (40) के घर हैं। रोजाना की तरह सूरज और संतोष अपने घरों के बाहर सो रहे थे। शनिवार की रात लगभग सवा दस बजे चार-पांच हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। सभी मुंह पर कपड़ा बांधे थे। इन लोगों ने सूरज और संतोष को जगाया और उनसे सुदामा को जगाने को कहा। सुदामा ने बाहर की आहट सुनी तो वह बाहर तो नहीं आया अलबत्ता छत पर जाकर चिल्लाने लगा। इस पर बदमाशों ने सूरज और संतोष को गोलियां मार दीं और गाली बकते हुए चले गए। संतोष के दाहिने हाथ की कुहनी और सीने में बायीं तरफ तो सूरज के दाहिने हाथ के साथ पीठ पर गोलियां लगीं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। डकैतों के जाते ही परिवारीजन बाहर आए और शवों से लिपटकर दहाड़ मार रोने लगे। मौके से सात खोखे बरामद हुए हैं, जिनमें से तीन 315 बोर के तो चार सेमी आटोमैटिक गन के हैं।
प्रधानपति सुदामा ने पुलिस को सूचना दी। उसका कहना है कि लगभग दो घंटे बाद पुलिस वहां पहुंची, जबकि मारकुंडी थाने से इस गांव की दूरी महज आठ किमी की है। सुदामा ने तहरीर में साधु यादव, बाबू यादव, शिवकुमार, शिवप्रसाद व बद्री यादव के नाम लिखाए हैं। यह सभी एक ही परिवार के हैं। पुलिस ने शिवप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

सुदामा ने बताया कि शिवकुमार की पत्नी प्रधानी के चुनाव में रामकंची की प्रतिद्वंद्वी थीं। शिवकुमार से लगभग एक सप्ताह पहले नाली को लेकर उसका विवाद हुआ था और दोनों पक्षों में गालीगलौज हुई थी। शिवकुमार अहिरनपुरवा का रहने वाला है। बाद में कोई रिपोर्ट न होने की वजह से मामला सुलझा मान लिया गया था। अहिरनपुरवा और जमुनिहाई गांवों के बीच की दूरी मात्र पांच सौ मीटर है। सुदामा का आरोप है कि हत्यारों ने पास के गांव अहिरनपुरवा में आरोपियों के घरों में दारू-मुर्गा की दावत उड़ाई और वहीं पर हत्या की रूपरेखा बनाई गई।
थानाध्यक्ष बीबी दुबे ने कहा कि जिन असलहों से हत्याएं हुई हैं ऐसे असलहे बलखड़िया गैंग के पास हैं और ऐसे में यह वारदात उसी गिरोह की अंजाम दी हुई लगती है। बाकी सच तहकीकात के बाद सामने आएगा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर, एसपी ओंकार सिंह ने भी माना कि प्रथमदृष्टया हत्याओं का कारण प्रधानी चुनाव की रंजिश लग रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें