चित्रकूट। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एके सिंह ने भी माना कि पिछले महीने से अब तक इनमें कोई विशेष प्रगति नहीं हुई। डीएम डा. आदर्श सिंह ने अधिकारियों से भीषण गर्मी को देखते हुए खासतौर पेयजल व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यों की गुरुवार को समीक्षा हुई। जिलाधिकारी के यह पूछने पर कि पिछले माह के सापेक्ष कितने कार्यों में प्रगति हुई? सीडीओ ने बताया कि कुछ विशेष प्रगति नहीं हुई। तीन पीएचसी हैंडओवर हुई हैं। 18 में लगभग पचास फीसदी काम हुआ है। जिलाधिकारी ने इनमें विद्युुत कनेक्शन में परेशानी की शिकायतों पर सलाह दी कि एक्सईएन से संपर्क कर किसी अवर अभियंता से स्टीमेट बनवा लिया जाए। बैठक में सीएऩडीएस बांदा के अधिकारी के गैरहाजिर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने विभागीय एमडी को पत्र लिखने के निर्देश दिए। सेतु निर्माण निगम के अधिकारी ने बताया कि मलिहाघाट पुल तीन साल में पूरा कर लिया जाएगा। पयस्विनी देवल पुल में बचा रेलिंग का काम इसी माह पूरा हो जाएगा। पर्यटक आवास गृह में हो रहे निर्माण कार्यों पर राजकीय निर्माण के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि लगभग 96 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने इसके सभी काम एक सप्ताह में पूरा कर लेने की हिदायत दी। पेयजल पर विशेष तबज्जो देते हुए डीएम ने नहरों की सफाई, गुंता कैनाल, रसिन बांध, ददरी माफी पेयजल योजना, लठागुठौपुर पेयजल योजना आदि की जानकारी ली। साथ ही ऊंचाडीह में चार नए नलकूप लगाए जाने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जब रुकमा बुजुर्ग, कैलहा, मडै़यन पेयजल योजना हैंडओवर की जाए तो उनको और सीडीओ को जरूर बुलाया जाए। उन्होंने बरगढ़ पेयजल योजना की धीमी प्रगति पर नजरें टेढ़ी कीं। चित्रकूट सीवर लाइन के संबंध में सहायक अभियंता अस्थाई निर्माण खंड जल निगम ने बताया कि पंप लगाने के टेंडर किए जा चुके हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बैठक में कहा कि मौके पर जांच की जाती है पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इस पर डीएम ने कहा कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाए। उन्होंने सरधुवा विद्यालय को उच्चीकृत करने को कहा, प्राथमिक विद्यालय मंडौर, पशुपालन विभाग आदि की समीक्षा की। पटेलनगर मानिकपुर, कालूपुर बरातघर व रामनगर में क्रीड़ाघर शीघ्र बनाए जाने के लिए कहा। इस मौके पर गुणवत्ता का ध्यान रखने की बात भी कही। बैठक में विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।