चित्रकूट। देर शाम कोतवाली के सामने स्थित प्रमुख दवा की दुकान पर आए एक दवा सेल्समैन का रुपयों से भरा बैग छीनकर बाइक सवार फरार हो गए।
महोखर बांदा निवासी दिनेश कुमार तिवारी पुत्र रामदास कर्वी में मेडिकल स्टोरों से दवा के बकाए की वसूली के लिए आए थे। सभी दुकानों से पैसे लेकर जैसे ही कोतवाली के सामने की मेडिकल स्टोर से रुपए का बैग हाथ में लेकर अपनी मारूती की तरफ बढ़ रहे थे तभी बिना लाइट की बाइक पर आए दो युवक पीछे से उनका बैग हाथ से छीनकर फरार होगए। वह चिल्लाते रहे लेकिन जब तक कोई कुछ समझता बाइक सवार काफी दूर जा चुके थे।
उन्होने बताया कि वह बांदा के सरस्वती मेडिकल स्टोर में सेल्समैन हैं और कर्वी में तकादे के लिए आए थे।
वसूली के बाद जैसे ही वह गाड़ी में बैठने वाले थे कि इसी बीच यह घटना घट गई। उनके बैग में लगभग सततर हजार रुपए वसूली के थे। सूचना पर पहुचे सीओसिटी सुरेश चंद रावत व कोतवाल मनोजकुमार कौशिक ने मामले की जानकारी ली।
गैंग की गतिविधियों से व्यापारी चिंतित
चित्रकूट। उप्र युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में आएदिन हो रही व्यापारियों से लूट का मुद्दा गर्माया। सुजीत द्विवेदी के आवास पर हुई बैठक में नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि आए दिन व्यापारियों के साथ होने वाली लूट की वारदातों से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। महामंत्री अंकित पहारिया ने कहा कि बाइकर्स गैंग की बढ़ती जा रही गतिविधियों से हर तरफ दहशत का माहौल है। पुलिस ने सिर्फ दो बाइकर्स लुटेरों को पकड़कर अपने कर्त्तव्य की इतिश्री कर ली है। तय किया गया कि समस्याओं को लेकर जल्द ही व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक ओंकार सिंह से मुलाकात करेगा। बैठक में प्रदीप गुप्ता, धर्मचंद्र गुप्ता, अंकित केशरवानी, राजेश बजाज, अंकुर अग्रवाल, गप्पू गुप्ता, नितेश केशरवानी, अतुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।