मृतक की पत्नी ने लगाई एसपी से गुहार
मऊ (चित्रकूट)। राजगीर हत्याकांड मामले में अब मृतक की पत्नी ने मऊ थानाध्यक्ष पर उस पर ही अपराध कुबूलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उसने इस संबंध में एसपी को पत्र भेजा है। सोमवार को वह इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ओंकार सिंह से अपनी जेठानी विद्या के साथ मिलने भी आई पर मुलाकात न होने से मायूस लौट गई।
मऊ कसबे की दलित बस्ती में रविवार की सुबह राजगीर उदयभान पुत्र नत्थू का शव उसके नवनिर्मित मकान में पाया गया था। इस मामले के खुलासे को लेकर अभी तक पुलिस हाथपांव ही मार रही है। उधर, उसकी विधवा निर्मला देवी का आरोप है कि अब थानाध्यक्ष अनिल सिंह उसपर ही मामले को कुबूल करने का दबाव बना रहे हैं और उसको बीते दिन सुबह दस बजे से रात दस बजे तक उसको थाने पर बैठाए रखा। उसका कहना है कि एसओ ने उससे कहा कि तुम्हीं बताओ कि उदयभान कैसे मरा। उर्मिला का कहना है कि उसके जेठ को भी पुलिस परेशान कर रही है और उससे सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए हैं। जबकि उसने एक संदिग्ध युवक के खिलाफ नामजद तहरीर भी दी है। उसका कहना है कि थानाध्यक्ष ने खुद ही यह बात कही थी कि सबसे पहले इसका ही फोन थाने पहुंचा था कि कमरे में लाश पड़ी है। उसका कहना है कि पुलिस को यह बात पता करनी चाहिए कि आखिर सबसे पहले उसी को यह जानकारी कैसे हुई? उसका यह भी कहना है इस युवक से चोरी के एक मामले को लेकर उसकी पुरानी खुन्नस है। सोमवार को वह अपनी जेठानी विद्या के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलने भी आई पर मुलाकात न होने से मायूस लौट गई। उधर, इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार से बात करने की कोशिश बेकार रही।