मऊ (चित्रकूट)। सेमरा गांव की प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव के एक व्यक्ति पर ग्रामसभा की जमीन पर अवैध निर्माण करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में इन लोगों ने एसडीएम को शिकायतीपत्र भी दिया है। उधर, तहसीलदार ने पूरे मामले पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
सेमरा गांव की प्रधान गुलबिया देवी, राघवेंद्र, शारदाप्रसाद, राजेश कुमार का कहना है कि उनके गांव में आवागमन वाले रास्ते के बगल में ग्रामसभा की खाली जमीन पर गांव का एक व्यक्ति अवैध निर्माण करा रहा है। प्रधान के अनुसार यह गाटा संख्या 230 ग्रामसभा के तहत है। इस संबंध में उसे मना करने पर वह दबंगई पर उतारू हो जाता है। इनका कहना है कि इसको कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण भी है, जिससे इसके हौसले बुलंद हैं। उधर, इस संबंध में तहसीलदार कतवारू राम ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में कानूनगो को निर्देश दिए गए हैं कि दूसरे पक्ष और प्रधान के साथ मौके पर जाकर पैमाइश कराएं और अगर अवैध निर्माण पाया जाता है तो उसे ढहाया जाए।