चित्रकूट। अंतरजनपदीय स्थानांतरण ले चुके शिक्षकों ने प्रांतीय सम्मेलन में आए श्रम राज्यमंत्री जगदेव सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रथम नियुक्ति के आधार पर वरिष्ठता दिए जाने की मांग की गई है।
आनंद कुमार यादव, कमलेश कुमार पांडे, कुलदीप सिंह, जितेंद्र सिंह सुनील द्विवेदी, संजय केशरवानी आदि ने बताया कि जिले में अन्य जिलों से स्थानांतरित होकर आए बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य जिलों में की गई उनकी सेवाओं को वरिष्ठता से नहीं जोड़ा जा रहा। शिक्षण कार्य के अनुभव को भी शून्य माना जा रहा है। शिक्षकों का कहना था कि ऐसे मे उनके पदोन्नति के अवसर रुक रहे हैं। इन लोगों ने मंत्री को दिए ज्ञापन में प्रथम नियुक्ति तिथि को आधार मानते हुए पदोन्नति सूची तैयार कराने की मांग की है।