चित्रकूट। राजस्व अभिलेखागार में वीडर पद पर कार्यरत फहीम खान की शिकायत पर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। कोतवाल आरके मिश्रा ने बताया कि कर्मचारी की तहरीर पर मारपीट की धाराओं पर मामला दर्ज किया गया है।
फहीम खान ने जिला पंचायत सदस्य अनीता बघेल के पति अर्जुन बघेल पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। उसका कहना था कि सात नवंबर को कार्यालय से अपने घर कोलगदहिया जा रहा था तो फारेस्ट बैरियर के पास अर्जुन बघेल ने उसे रोका। उसके साथ लगभग सात लोग थे। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट गालीगलौज की और साथ ही उसका मोबाइल, पांच हजार रुपये ले गए। उसका कहना है कि ये लोग कह रहे थे कि यह इसराइल मिस्री का भाई है, इसे मारो, जिससे फिर कभी इनकी पैसा मांगने की हिम्मत न पड़े। उसने बताया कि अर्जुन ने उसके चचेरे भाई इसराइल से अपनी गाड़ी मरम्मत कराई थी और पैसे के लेनदेन मे कुछ झगड़ा हो गया था। इस संबंध में उसने अपर जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया था। फहीम का कहना था कि एडीएम ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को जांच करके कार्रवाई को निर्देशित भी किया था पर राजनैतिक प्रभाव की वजह से रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है। उधर, जिलाधिकारी को पत्र भेजने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि कोतवाली प्रभारी का कहना था कि मामला तो कल ही दर्ज कर लिया गया था। गौरतलब है कि अर्जुन बघेल पहले भी विवादास्पद रहे हैं और पहले भी इन पर कई तरह के आरोप लगते रहे हैं। उधर, अर्जुन का कहना था कि मेरे ऊपर राजनैतिक विद्वेषवश मामला दर्ज किया गया है। मारपीट मैं किसी से नहीं कर सकता।