चित्रकूट। कमर में जरूरी कागजात, वोटर आईकार्ड आदि बांधकर एक युवक ने पुलघाट के नीचे मंदाकिनी में छलांग लगा दी। डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से लगभग दो घंटे बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला। युवक की आईडी से शिनाख्त हुई और पुलिस ने बांदा निवासी उसके परिजनों को सूचना भेजी।
बांदा के कोतवाली थानाक्षेत्र के चटगन गांव के बाबूलाल का बेटा छोटेलाल (24) किसी काम के सिलसिले में शनिवार को कर्वी आया था। दोपहर लगभग डेढ़ बजे वह अपना कागज, पहचान पत्र और 147 रुपये एक पालीथिन के बैग में लपेटकर कमर में बांध ली। युवक ने अपनी दोनों चप्पल भी बांधकर नदी में उतर गया। इसके बाद नदी में छलांग लगा दी। कुछ देर तक वह नदी में हाथ-पैर चलाता रहा। पुलघाट में नहा रहे दो लड़कोें ने समझा वह तैर रहा है। थोड़ी देर में जब उसका हाथ पैर हिलना बंद हो गया तो घाट पर स्नान कर रही महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी होने पर पुलिस और फायरब्रिगेड की गाड़ी पुलघाट पर पहुंची। थोड़ी देर में ही भैरो निषाद ने युवक का शव पानी में से बाहर निकाला। तलाशी के बाद पालीथिन में बंधा सामान और पहचान पत्र मिला। उस पर नाम पता देखकर पुलिस ने उसके घर सूचना भिजवाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार युवक के व्यवहार से लगता है उसने आत्महत्या की है, लेकिन परिजनों के कर्वी पर ही कुछ कहा जा सकता है।