चित्रकूट। राजापुर क्षेत्र के धउरहरा पुल के पास वध को जा रहे मवेशियों की गाड़ी नहर में जा गिरी। जिससे चार मवेशियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन को ग्रामीणों ने बचा लिया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि पिकअप चालक भाग निकलने में कामयाब रहा।
कंठीपुर रंगौली क्षेत्र में पिलकप से सात गाय लादकर ले जाने की सूचना राजापुर पुलिस को मिली थी। इसपर थाने के एसएसआई केशव दुबे ने फोर्स के साथ उनका पीछा किया। तिरहार क्षेत्र में नैनी और चांदी के बीच धउरहरा पुल के पास पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से चालक ने पिकअप की रफ्तार तेज कर दी। गाड़ी से पुलिस को टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप अनियंत्रित हो गई और गायों सहित अनियंत्रित पिकअप समीप ही नहर में जा गिरी। जिससे पिकअप में बंधी चार गायों की डूबने से मौत हो गई। यह देख दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह तीन गायों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने मौके से खखरेरु फतेहपुर निवासी रज्जाक का बेटा शकील और पहाड़ी थानाक्षेत्र के मिर्जाहकीमपुर निवासी श्रीपाल यादव का बेटा नारायण यादव को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पिकअप चालक, मालिक राममूरत यादव भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 307, 429, गोवध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
------------------------------------------