सरैया (चित्रकूट)। मानिकपुर ब्लाक के गांव रैपुरा की जनता पांच दिन से पानी के लिए भटक रही है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को बाल्टी लेकर हैंडपंपाें पर लाइन लगानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले पुरानी ध्वस्त लाइनों से पानी की समस्या थी, अब नई लाइन पड़ने के बाद भी पानी नहीं मिल रहा है। ऑपरेटर यह भी बताने को तैयार नहीं की आखिरकार पानी की आपूर्ति क्यों नहीं की जा रही है।
रैपुरा गांव की आबादी करीब दस हजार होगी। गांव के पास ही बनी पानी की टंकी से पानी की आपूर्ति की जा रही है। प्रदीप कुमार, छेदी लाल के अनुसार करीब पांच दिन से पानी की आपूर्ति गांव में नहीं की गई है। गांव में करीब एक दर्जन से अधिक हैंडपंप है। इनमें से कई सूखे पड़े है। दो-तीन से गंदा पानी आता है। ऐसे में पीने के लिए पानी के लिए गांव के एक छोर से दूसरी तरफ जाना पड़ता है। आपूर्ति बाधित होने से हैंडपंपों पर भीड़ रहती है। इस कारण धूप में खड़े होकर लाइन लगानी पड़ती है। सूरज पांडेय, मूलचंद्र उपाध्याय के अनुसार पुरानी लाइन ध्वस्त हो गई थी, जिससे काफी पानी सड़कों पर बह जाता था। अभी 12 दिन पहले ही नई लाइन डाली गई है। अब पानी बहने का डर भी नहीं है तो भी पानी मिल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पंप आपरेटर गांव का ही रहने वाला है। पानी के बारे में पूछने पर वे कभी सही जवाब नहीं देते है। उधर, पंप आपरेटर मंजू पटेल ने बताया बिजली की समस्या है। जब बिजली आती है पंप चालू किया जाता है। नई लाइन भी लीक कर रही है, हो सकता है इससे दिक्कत आती हो। घरों में पानी नहीं पहुंच रहा हो।