चित्रकूट। रैपुरा थानाक्षेत्र के जंगल में लकड़ी बीनने गई दस वर्षीय किशोरी से गांव के ही युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। लड़की के चिल्लाने पर उसके माता-पिता भागकर जब पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग निकला। बच्ची के परिजन रिपोर्ट लिखाने को तीन दिन से पुलिस अफसरों की चौखट के चक्कर काट रहे हैं।
बच्ची के माता-पिता ने बताया रविवार को वह बेटी के साथ गांव के पास जंगल और खेतों में लकड़ी-कंडा बीनने गए थे। तीनों लोग अलग-अलग लकड़ी बिन रहे थे। इसी बीच गांव के शिवचरन का बेटा राजा वहां आया और बेटी का मुंह दबाकर उसे झाड़ियों में खींच लिया। उसके अश्लीलता करने पर कुछ देर बाद बेटी ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर वह लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें देखकर मौके से भाग निकला। बेटी से पूछताछ के बाद वह उसे लेकर थाने गए। रैपुरा पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद से ही वह लोग लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार को बच्ची के माता-पिता उसे लेकर एसपी किरन एस से मिले और पूरे मामले की जानकारी दी। बच्ची के परिजनेां ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।