चित्रकूट। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक अधेड़ की मौत हो गई, वहीं ट्रैक्टर की चपेट में आकर सास और दो बहुएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक जानकीकुंड अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है वहीं दो महिलाओं का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना कर भाग रहे ट्रैक्टर चालक को लोगों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।
डाकघर में चौकीदार के पद पर काम कर रहे मोहनलाल यादव (50) रात में ड्यूटी कर लक्ष्मणपुरी के सामने स्थित अपने घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह पांच बजे पीछे से तेज गति से आ रही टेंपो ने डॉ. सीताराम के क्लीनिक के सामने टक्कर मार दी। इसके बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। इससे उसके सिर में चोट लग गई। उसके बेटे राममूरत ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाहाबाद रिफर कर दिया गया। रास्ते में ले जाते समय उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद परिजनों ने टेपों को कब्जे में कर लिया और चालक के खिलाफ मृतक के बेटे राममूरत ने रिपोर्ट दर्ज कराई। दूसरी घटना में शिवरामपुर कस्बा में ट्रैक्टर की चपेट में आकर तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। भारतपुर गांव के दादू लाल की पत्नी अनारकली और उसकी दो बहुएं गुड़िया और सविता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से इलाज कराकर वापस जा रही थी। शिवरामपुर कस्बे में आते ही सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर असंतुलित होकर तीनों के पेट से गुजर गया। गर्भवती गुड़िया का पंाच माह का गर्भ भी हादसे में गिर गया। एंबुलेंस से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से गुड़िया को इलाहाबाद के लिए रिफर कर दिया गया।