चित्रकूट। नवरात्र और दशहरा के त्योहारों में शांति व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी डा. बलकार सिंह और पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने कोतवाली में नगर के गणमान्य व्यक्तियों और देवी पांडालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में छह सेक्टर बनाकर इसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कर्वी में एसडीएम कर्वी अभयराज, मऊ में एसडीएम एके श्रीवास्तव, सीतापुर में तहसीलदार कर्वी बीडी गुप्ता, मानिकपुर में एसडीएम चंद्र प्रकाश उपाध्याय, राजापुर में तहसीलदार मऊ कतवारू राम और रैपुरा में नायब तहसीलदार कर्वी रामगोपाल वर्मा की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि सभी उप जिला मजिस्ट्रेटों से अपने इलाकों की सूचना लेते रहने और कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर ये पुलिस अधीक्षक और उनको तुरंत सूचित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके अलावा विभिन्न विभागों से जलापूर्ति, साफ सफाई आदि की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रतिमा विसर्जन वाले स्थलों पर आकस्मिक घटना से बचने के लिए जरूरी इंतजामात करने को भी कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आमजन और व्यापारियों के बीच से तीस एसपीओ (स्पेशल पुलिस आफीसर ) भी बनाए गए हैं और इनसे पुलिस की मदद करने को कहा गया है। इस मौके पर अपर एसपी आरडी चौरसिया, एडीएम संतोष कुमार, व्यापारी नेता पंकज अग्रवाल, मुकुल अग्रवाल, केशव शिवहरे आदि मौजूद रहे।