चित्रकूट। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव नहीं रहे। उनका इलाहाबाद में दिल का दौरा पड़ने से शुक्रवार की सुबह निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
राजबहादुर को पिछले ही दिन चक्कर उल्टी और बेहोशी की शिकायत पर इलाहाबाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार बजे सुबह उनकी हालत बिगड़ी और सुबह लगभग सवा आठ बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की जानकारी मिलते ही इलाहाबाद से सपा नेता श्यामाचरण गुप्ता आदि वहां पहुंच गए। उनके शव को शुक्रवार दुपहर उनके निवास मुलायमनगर लाया गया, जहां से शवयात्रा निकाली गई। मुखाग्नि उनके छोटे भाई रामसिया ने दी।
इनसेट -------------------
तीन तीन बार पाया जिलाध्यक्ष बनने का गौरव
नेताजी के नाम से साथियों के बीच लोकप्रिय राजबहादुर को विरोधियों के बीच में सामंजस्य बिठाना उनको भलीभांति आता था और शायद यही वजह है कि वह जिले में तीन बार पार्टी की अगुवाई कर सके। उन्होंने अपना राजनीतिक कॅरियर 1983 में लोकदल से शुरू किया था पर जब मुलायम सिंह जनतापार्टी में आए तो वे सपा में आ गए और अंतिम सांस तक पार्टी का दामन नहीं छोड़ा। लखनऊ तक उनकी पैठ थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद जब अखिलेश पहली बार यहां आए तो हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक जाने के दौरान उन्होंने राजबहादुर को बुलाकर अपनी कार में बैठाया था। पार्टी कार्यालय के पास मायूस खड़े एक सपाई की टिप्पणी पार्टी के भविष्य के लिए बहुत कुछ कह जाती है- राजबहादुर का जाना जिले में पार्टी के लिए बहुत बड़ा शून्य पैदा कर गया।
इनसेट -------------------
प्रोफाइल
नाम-राजबहादुर यादव
पिता- सुखलाल
निवासी- बनकट
शिक्षा- मिडिल पास
पुत्र-पुत्रियां- संतोष, अनुज, अतुल, रोहित, आनंद, शांति, सुधा
पत्नी- ज्ञानवती
इनसेट -------------------
शोक संवेदनाओं का तांता
चित्रकूट। राजबहादुर की असामयिक मृत्यु पर शोक संवेदनाओं का तांता लग गया। डीएम, एसपी, एडीएम और अन्य आला अफसरों के अलावा बांदा से पार्टी जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, जमुना प्रसाद बोस आदि भी उनके घर परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। जिला बार एसोसिएशन ने शोकसभा कर उनको याद किया। शोकसभा में एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल दास अग्रवाल, केजी गुप्ता, अनुराग सिंह पटेल, महिपाल यादव, लवकुश यादव आदि मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने जिला बनाओ संघर्ष समिति में राजबहादुर के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय में हुई शोकसभा में अमित यादव ने उनको विवेकपूर्ण निर्णय लेने वाले दक्ष नेता बताया। चंद्रपाल पाल, रामलाल सिंह, प्रह्लाद, कमलेश यादव, केके यादव, चंद्रभवन, बुद्धराज, रामभवन, रमाशंकर अरुण यादव आदि मौजूद रहे। माकपा के कैंप कार्यालय में हुई शोकसभा की अध्यक्षता जिला सचिव रुद्र प्रसाद मिश्र ने की। गिरधर, इस्माइल, शिवमोहन यादव, शिवसिंह आदि मौजूद रहे। इनके अलावा कमलेश कुमार मिश्र, विनोद कुमार मिश्र, समाजसेवी वीपी पटेल, सुरेंद्र यादव, आशू श्रीवास्तव, अनिल प्रधान, पुष्पेंद्र पटेल, अजीत सिंह, रामसागर चतुर्वेदी, विशंभर त्रिपाठी, दीनदयाल पहारिया आदि तमाम लोगों ने राजबहादुर यादव के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।