मऊ (चित्रकूट)। अंतिम संस्कार के लिए चुने गए स्थल को लेकर मृतका के पुत्रों और चचेरे भाइयों में जमकर कुल्हाड़ी और डंडे चले। चार लोग घायल हुए, जिसमें से एक को जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है।
मऊ थाना के गांव करही में मंगलवार को लल्ली (65) पत्नी राम पाल की मौत हो गई थी। इसके पति और पुत्रों सूरजपाल व राजाराम बुधवार को इसका अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। बताया जाता है कि पहले ये लोग अपने चचेरे भाइयों गजराज और गिरीश पुत्र धर्म पाल की जमीन पर शव जलाना चाह रहे थे। इस पर दोनों ने ऐतराज किया और गर्मागर्मी हुई। बाद में राम पाल ने अपनी जमीन पर लल्ली का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद जब ये लोग घर पहुंचे तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कुल्हाड़ियां और लाठियां चलीं। इसमें चारों लोग घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से गिरीश को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी, जहां सुलह समझौते की कोशिश भी जारी थी।