कहीं का मार्ग खराब तो कहीं नहीं लगे कैमरे
- डीआईओएस ने नकल विहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जिले में यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए हर संभावित केंद्र के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीआईओएस को कुछ स्थानों पर कई कमियां मिली। जिससे नाराज डीआईओएस ने कहा कि समय से इन्हें दुरूस्त नहीं किया गया तो उन्हें सूची से हटाया जाएगा।
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.जितेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्र के प्रधानाध्यापकों के पेंच कसने शुरू कर दिए हैं। खासकर कई कालेजों में सीसीटीवी कैमरे न लगे मिलने पर नाराजगी जताई। स्व. रघुवीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज पहाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने कमरे खोलवा कर व्यवस्थाएं देखीं जहां पर मानक के अनुरूप कोई भी व्यवस्था नहीं पाई गई। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। धीरेंद्र इंटर कालेज राजापुर गए जहां तक पहुंचने के लिए सहीमार्ग नहीं है। चार पहिया वाहन स्कूल तक नहीं पहुंच सकता। निरीक्षण के बाद डीआईओएस ने सभी केंद्र के प्रधानाध्यापकों से कहा कि बोर्ड परीक्षा के हिसाब से सभी प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों वाले प्रधानाचार्य व्यवस्थाएं दुरूस्त कर ले। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक एवं बोर्ड परीक्षा प्रभारी विजय प्रसाद कुशवाहा मौजूद रहे।