चित्रकूट। कर्वी से कसहाई होते हुए राजापुर तक सड़क का चौड़ीकरण होगा। इस पर 90.91 करोड़ रुपये व्यय होंगे। स्वीकृत बजट के सापेक्ष बतौर पहली किस्त 9.90 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं। इससे 50 से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
यह सड़क अभी साढ़े तीन मीटर चौड़ी है और इसमें कई स्थानों पर बड़े गड्ढे हैं। इन गड्ढों के कारण लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है और अक्सर बाइक सवार घायल हो जाते हैं। कई सालों से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। लोक निर्माण विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृत धनराशि से सड़क को सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
-
इन गांवों के लोगों का होता आवागमन
कर्वी के कसहाई, कंठीपुर, रगौली, बालापुर, सपहा, नांदिन तौरा, चनहट, गनीवा, मलवारा, अनीपुर, कछिया, बूढ़ा सहित दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का प्रतिदिन तहसील व जिला मुख्यालय आना जाना बना रहता है। ग्रामीण धर्मेंद्र पांडेय, घनश्याम पाल, राम लाखन सिंह, रनवत सिंह का कहना है कि सड़क काफी दिनों से खराब है, सड़क बनवाने के लिए कई बार मांग की गई थी, अब बजट जारी होने के बाद निर्माण होने की उम्मीद जगी है। सड़क बनने के बाद आवागमन में आसानी होगी।
बोले जिम्मेदार
सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन से मंजूरी व बजट की पहली किस्त जारी हो गई है। ई-टेंडर व अनुबंध की प्रक्रिया पूरा कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
-जितेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोनिवि।