चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के जिला जेल रगौली मार्ग पर तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक चालक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़ चालक भाग निकला जबकि लहूलुहान बाइक चालक मौके पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर लगभग आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसके मौत की पुष्टि की।
शनिवार को कंठीपुर निवासी किसान शिवदयाल पटेल (40) पुत्र धर्मपाल खेती के लिए कुछ सामग्री लेने मुख्यालय आया था। देर शाम लगभग सात बजे वह बाइक से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह रगौली मार्ग के कंठीपुर गांव के मोड़ के पास पहुंचा तो बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक समेत छिटककर दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। ट्रैक्टर छोड़ चालक भाग निकला अंधेरा होने से कुछ देर तक घायल किसान वहीं पड़ा रहा। इस बीच निकले राहगीरों ने पुलिस सूचना दी। जिला जेल चौकी प्रभारी अजीत सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही कंठीपुर गांव में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक भाई मोहनलाल की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। मृतक की पत्नी कमलादेवी, दो पुत्र एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट पहने था लेकिन उसके सीने व पेट में गंभीर चोट लगी थी।
जेल रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से किसान की मौत
बाइक से गांव लौट रहा था किसान