पहाड़ी (चित्रकूट)। विकास खंड पहाड़ी के ग्राम पहाड़ी बुजुर्ग में पेयजल संकट को छुटकारा दिलाने को सरकारी मशीनरी जुटी है। जीवन मिशन के तहत यहां पर नाली खोदकर पाइप लाइन बिछाने में तीन जेसीबी कार्य कर रही हैं और छह स्थानों पर 32 श्रमिक भी नए नल कनेक्शन स्थापित करने में जुटे थे। 247 घरों में नलों में अबाध गति से जल की धारा भी बहने लगी है।
पिछले एक सप्ताह से पहाड़ी बुजुर्ग गांव में पानी की किल्लत बनी थी। इस समस्या के लिए यहां के लोगों ने ब्लॉक कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। इस हरकत में आए प्रशासन ने आनन फानन टैंकरों के जरिए वहां पर पानी की आपूर्ति कराई। साथ ही जल जीवन मिशन से नई पाइप लाइनें भी बिछाने की कवायद शुरू कराई। शनिवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि ग्राम पहाड़ी बुजुर्ग में कुल 1415 घरेलू नल कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 815 कनेक्शन सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से 247 कनेक्शनों तक नियमित रूप से पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को आगामी सात दिनों के भीतर सभी शेष कार्यों को हर हाल में पूरा करने को कहा है। कार्य पूर्ण होने तक ग्रामीणों को असुविधा से बचाने के लिए टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति जारी रखें।