चित्रकूट। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को सुलह-समझौते के आधार पर 80,377 मुकदमों का निस्तारण किया गया। 11 करोड़ 65 लाख चार हजार 801 रुपये अर्थदंड प्रतिकर व बैंक ऋण वसूली के रूप में वसूल किया गया।
शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश विकास कुमार प्रथम की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश ने सात वादों का निस्तारण करते हुए 1,200 रुपये प्रतिकर के रूप में दिलाया। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी कृष्ण यादव ने 41 वादों का निस्तारण करते हुये 3,57,52,168 रुपये प्रतिकर के रूप में दिलाया गया।
परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राकेश कुमार यादव ने सात वादों का निस्तारण करते हुए 64,000 रुपये आपसी सुलह-समझौते के आधार पर वादिया को दिलाया एवं कई वर्षों से एक-दूसरे से अलग हुये तीन जोडों आपस में सुलह-समझौते के आधार पर एक साथ भेजा। अपर जिला जज प्रथम अनुराग कुरील ने 75 विद्युत वादों का निस्तारण किया।
विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट राममणि पाठक ने तीन वाद का निस्तारण करते हुये 1,000 रुपये अर्थदंड वसूला। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद भारतीय ने फौजदारी के 660 वादों का निस्तारण करते हुये 72,820 रूपये अर्थदंड वसूला।