चित्रकूट। नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी में चालू वित्तीय वर्ष में 77 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। इस रकम से शहर के विभिन्न वार्डों में सड़कों का जाल तो बिछेगा, साथ ही जलनिकासी के लिए नाले और नालियां भी बनेंगी। इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था और शहर का सुंदरीकरण भी शामिल है। यह निर्णय नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में लिया गया।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका परिषद को बी श्रेणी का दर्जा प्राप्त हुआ है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। आय बढ़ाने के लिए पुराने अस्थायी बस स्टैंड परिसर में एक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव है। स्टेशन सड़क पर छोटे व्यापारियों के लिए दुकानें भी बनाई जाएंगी। धनुष चौराहा से शंभू बाबू पेट्रोल पंप तक सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य विकास प्राधिकरण को सौंपा गया है। शास्त्री नगर स्थित उपजिलाधिकारी कॉलोनी से शिवपुरी बच्चा जेल तक अधूरी सड़क को जल्द पूरा करने का भी आश्वासन दिया गया।
बैठक में अधिशासी अधिकारी लालजी यादव, सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, अवर अभियंता शुभम तिवारी, सभासद शंकर प्रसाद यादव, विनय त्रिपाठी, विनीत पयासी, राजा राजेश, शैलेंद्र सोनी, बल्लू निषाद, बद्री, नीतू सिंह, शहजादे मौजूद रहे।