चित्रकूट। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले के 739 लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इन लाभार्थियों के खातों में आज, रविवार को पहली किस्त की राशि सीधे मुख्यमंत्री द्वारा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। इस राशि से लाभार्थी अपने मकानों के निर्माण के लिए जमीन पर स्ट्रक्चर खड़ा करने और आवश्यक सामग्री जुटाने का कार्य शुरू कर सकेंगे।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के एसडीएम अजय यादव ने बताया कि शासन द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों को ही दिया जा रहा है। यह पहली किस्त लाभार्थियों को मकान निर्माण की शुरुआत के लिए मिलेगी। इसके बाद, दूसरी किस्त में छत की ढलाई का कार्य होगा और तीसरी व अंतिम किस्त में मकान की फिनिशिंग के साथ सभी निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चित्रकूट जिले में करीब 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। एसडीएम अजय यादव ने स्पष्ट किया कि अभी दूसरी और तीसरी सूची भी जारी होगी, जिसमें और भी लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
रविवार को होने वाले कार्यक्रम की एक खास बात यह है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के किसी एक लाभार्थी से सीधे संवाद करेंगे और उनसे आवास योजना के विषय में जानकारी लेंगे। इसके साथ ही, जिले के सभी 739 लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि भेजी जाएगी।
-
इनसेट
नगर पालिका और नगर पंचायतों के लाभार्थी : कुल 739 लाभार्थियों में नगर पालिका कर्वी के 319, नगर पंचायत राजापुर के 253, नगर पंचायत मऊ के 137 और नगर पंचायत मानिकपुर के 30 लाभार्थी शामिल हैं। इन सभी को उनकी पहली किस्त की राशि आज प्राप्त होगी।