ठेकेदार ने पानी भरे गड्ढे में डाल दी मिट्टी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने बेड़ीपुलिया वाले खराब मार्ग को जल्द बनाने के निर्देश दिए तो लोक निर्माण विभाग व ठेकेदार ने पानी भरे रास्ते में मिट्टी डलवा दी। जिससे अब तो परेशानी और बढ़ गई। बारिश के बाद मिट्टी सड़क पर फैल गई है और वाहन भी फिसल रहे हैं।
करोड़ों रुपये की लागत से बन रही बेड़ीपुलिया से रामघाट तक की सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। एक पार्ट बनवा रहे लोनिवि व ठेकेदार को प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री ने शनिवार को फटकार लगाई और टूटी सड़क पर पैचिंग कराने को कहा। जिससे अमावस्या मेले में तीर्थयात्रियों को परेशानी न हो। इसका असर रविवार को यह देखने को मिला कि लोनिवि के इंजीनियर व ठेकेदार ने टूटी व जलमगभन सड़क पर वहीं से मिट्टी खुदवाकर डलवा दिया। जिससे हालत और बिगड गई है। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि बारिश के सीजन में मिट्टी डालने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वाहन फिसल रहे हैं। उन्होंने इस मार्ग पर गिट्टी व माौरंग डलवाने की मांग की है।