डिप्टी रेलवे स्टेशन प्रबंधक समेत छह तलब
मानिकपुर(चित्रकूट)। मुंबई हावड़ा रेल मार्ग के मानिकपुर जंक्शन में अक्सर प्लेटफार्म नंबर एक व दो पर मालगाड़ी खड़ी होने की जानकारी होते ही रेल अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है। उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद मंडल के अधिकारियों ने डिप्टी स्टेशन प्रबधंक समेत छह रेलकर्मियों को तलब किया है।
इन दिनों जंक्शन में मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग की सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से पहुंच रहीं हैं। जिसके पीछे बताया गया कि एक व दो नंबर प्लेटफार्म पर मालगाड़ी खड़ी रहती है। जिसके चालक व गार्ड ड्यूटी खत्म होते ही चले जाते हैं और सिग्नल न मिलने पर एक्सप्रेस ट्रेनों को तीन व चार नंबर से गुजारना पड़ता है। लगातार तीन दिनों से यह शिकायत मिलने पर मंगलवार को तो यह हालत हो गई कि तीनों पर मालगाड़ी खड़ी रही और चौथे नंबर से भी मालगाड़ी गुजारी गई।
मामले को उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद मंडल के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। गुरुवार को सीनियर डीओएम मनुप्रकाश ने ड्यूटी पर मौजूद डिप्टी स्टेशन प्रबधंक पुष्पेंद्र कुमार समेत छह रेलकर्मियों को इलाहाबाद कार्यालय तलब किया है। सीनियर डीओएम ने बताया कि इन सभी से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही कोई कार्रवाई होगी।