चोरों ने लेखपाल के घर से उड़ाया लाखों का माल
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर से सटे बनकट गांव के मुलायम नगर में चोरों ने एक लेखपाल के घर ताला तोड़कर लाखों का माल पार दिया। घर में सो रहे परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। रविवार की सुबह नींद खुलने पर अलमारी व बाक्स खुले पड़े देखे तो भौच्चके रह गए। कोतवाली में चोरी की जानकारी दी गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बनकट गांव निवासी लेखपाल धर्मपाल यादव के परिजन शनिवार की रात खाना खाने के बाद सो गए। देर रात को अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते आकर दरवाजे का ताला तोड़ा इसके बाद कमरे में रखे बाक्स व अलमारी खोलकर नगदी व लाखों रुपये के जेवरात ले भागे। रविवार को तड़के जब नींद खुली तो परिजनों के होश उड़ गए। पूरी जानकारी के बाद परिवार के देवकुमार यादव ने बताया कि चोर लाखों रुपये का माल ले गए हैं। कोतवाली में इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कोतवाल अनिल सिंह ने जल्द ही चोरी का खुलासा कराने का आश्वासन दिया।