कोतवाली पुलिस ने कसबे में एक घर में खड़ी स्कार्पियो से 49 पेटी शराब बरामद की है। तीन लोगों को पकड़ा भी गया है। उधर, आरोपी का कहना है कि शराब वह अपने ठेके ले जा रहा था, रास्ते में वाहन खराब होने पर इसे रिश्तेदार के घर में रखवा दिया था।
कोतवाल रणवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि भरतकूप में राजू गुप्ता पुत्र भोला गुप्ता के घर में स्कार्पियो में शराब की पेटियां रखी हैं। इस पर कोतवाली से पुलिस कर्मी भेजे गए। उन्होंने बताया कि छानबीन में स्कार्पियो में 49 पेटी शराब बरामद हुई। कोतवाल ने बताया कि राजू के चचेरे भाई रामनरेश गुप्ता पुत्र बब्बू गुप्ता का हरिहरपुर में ठेका है। राजू, उसके भाई विष्णु और रामनरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
साथ ही आबकारी विभाग को सूचना दी गई है। उधर, रामनरेश उर्फ नरेश ने बताया कि उसने सोमवार को ही शराब आबकारी विभाग से ली थी और इसे हरिहरपुर ठेका ले जा रहा था। रास्ते में वाहन खराब होने पर उसने इसे रिश्तेदार के घर पर रख दिया था। वह वाहन की व्यवस्था कर रहा था कि किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। उसका कहना है कि उसके साथ साजिश की गई है।